मुद्दा विहीन है विपक्ष पीडीए पर बार-बार बदल रहा परिभाषा : ऐश्वर्य राज सिंह

मुद्दा विहीन है विपक्ष, पीडीए पर बार-बार बदल रहा परिभाषा : ऐश्वर्य राज सिंह

मुद्दा विहीन है विपक्ष पीडीए पर बार-बार बदल रहा परिभाषा : ऐश्वर्य राज सिंह

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 2027 चुनाव में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में फिर बनेगी एनडीए गठबंधन की सरकार

लखनऊ, 13 अगस्त । राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने गुरुवार काे विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह लगातार अपनी राजनीतिक परिभाषाएं बदल रहा है। पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहले उसकी परिभाषा कुछ और थी, लेकिन अब उसे बार बार बदल कर जनता के बीच पेश किया जा रहा है।

ऐश्वर्य राज सिंह ने लखनऊ में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि "जब विपक्ष को खुद यह स्पष्ट नहीं है कि उसे क्या करना है और उसकी राजनीति की दिशा क्या है, तो ऐसे में उसके बयानों पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं है। उन्होंने विपक्ष की रणनीति को लेकर तंज कसते हुए कहा कि उसकी बदलती परिभाषाएं उसकी असमंजस की स्थिति को दर्शाती हैं।

उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव और एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार बनने के सवाल पर कहा कि जिस तरह से पश्चिम बंगाल ममता बनर्जी की सरकार थी, उससे पहले वामपंथी सरकार थी। उस दुर्ग को तोड़ते हुए भाजपा की प्रमुखता में एनडीए गठबंधन ने वहां सरकार बनाया। उससे निश्चित है और विश्वास है कि 2027 के चुनाव में योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए गठबंधन पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

ऐश्वर्य राज सिंह के इस बयान को उत्तर प्रदेश की सियासत में विपक्ष के पीडीए गठजोड़ को लेकर रालोद के रुख से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके बयान से साफ है कि पार्टी विपक्ष की रणनीति और उसके राजनीतिक दावों को लेकर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है।

इससे पूर्व नवनियुक्त उत्तर प्रदेश के रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राय सिंह गुरुवार को पहली बार जिम्मेदारी मिलने के बाद वंदे भारत ट्रेन से लखनऊ पहुंचे। यहां पार्टी नेता एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की अगुवाई में व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल चारबाग स्टेशन पर उनका पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। चारबाग रेलवे स्टेशन से प्रदेश कार्यालय तक मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर नारे लगाकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ऐश्वर्य राज सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। नवनियुक्तत प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में नेतागणों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओंं से औपचारिक परिचय किया।