प्रापर्टी डीलर हत्या मामले में आराेपिताें की गिरफ्तारी के बाद हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद
प्रापर्टी डीलर हत्या मामले में आराेपिताें की गिरफ्तारी के बाद हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद
प्रयागराज, 18 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाने की पुलिस टीम ने सोमवार को जमीन के लेन-देन के विवाद में हुई हत्या का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त असलहा को भी बरामद करने में कामयाब हो गई।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि थाना नैनी पुलिस, एसओजी यमुनानगर और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुकदमा अपराध संख्या 251/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त बृजेश कुमार निषाद, अरविन्द कुमार भारतीया, भूपेन्द्र कुमार भारतीया और प्रिन्स कुमार भारतीया को झूंसी क्षेत्र से गिरफ्तार किया । पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
उल्लेखनीय है कि 17 मई की शाम अलाउद्दीन निवासी महेवा पूरब पट्टी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीन खरीद-फरोख्त के पैसों के विवाद में उसके भाई अजहरउद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में थाना नैनी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर चारों अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग कम दाम पर जमीन का सौदा कर उसे आगे बेचने का काम करते थे। मुनाफे के बंटवारे को लेकर मृतक अजहरउद्दीन से विवाद चल रहा था। आरोपितों के मुताबिक 17 मई को हिसाब-किताब के बहाने अजहरउद्दीन को ऑफिस बुलाया गया, जहां विवाद बढ़ने पर भूपेन्द्र और प्रिन्स ने मृतक को पकड़ लिया, जबकि बृजेश और अरविन्द ने तमंचे और पिस्टल से फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपित असलहे छिपाकर पुलिस को भ्रमित करने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर फरार हो गए थे। बाद में परिवार के परेशान होने की आशंका के चलते झूंसी क्षेत्र में पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हत्या की गंभीर घटना के खुलासे के लिए तत्काल संयुक्त टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।