नाले में डूबने से दो युवकों की मौत

नाले में डूबने से दो युवकों की मौत

नाले में डूबने से दो युवकों की मौत

अमेठी, 13 मई । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के कादूनाला में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस शवाें का पंचायतनामा कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम गांव दौलतपुर लोनहट निवासी नदीम पुत्र नसीर (21) एवं शहीम पुत्र जलील (20) सोमवार दोपहर बाइक से घर से घूमने के लिए निकले थे। देर रात तक दोनों के घर वापस न लौटने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान कादूनाला के किनारे दोनों युवकों की बाइक और कपड़े पड़े मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से कादूनाला में तलाश अभियान शुरू कराया। कड़ी मशक्क़त के बाद दोनों युवकों की लाश बुधवार को बरामद की गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई । मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजयेंद्र पटेल ने बुधवार को बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नाले से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।