प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में ‘मोदी-मोदी’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों की गूंज

—बरेका का मैदान केसरिया, भगवा रंग में रंगा,'जन-आक्रोश महिला सम्मेलन' में व्यवस्था की कमान महिलाओं के हाथ

प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में ‘मोदी-मोदी’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों की गूंज

वाराणसी, 28 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार शाम बरेका के मैदान में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में कुछ ही देर में शामिल होंगे। सम्मेलन स्थल पर हजारों महिलाएं दोपहर बाद से ही पहुंचने लगी। अपरान्ह चार बजते—बजते जनसभा स्थल महिलाओं से भर गया। नारी वंदन संशोधन विधेयक को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से संवाद के लिए उत्साहित महिलाएं ‘मोदी-मोदी’ और ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी उद्घोष के बीच जमकर सेल्फी भी लेती रही। पूरा पंडाल केसरिया मय दिखने के साथ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

सभा स्थल पर बागबान सिंधी महिला संगठन की महिलाएं प्रधानमंत्री का अभिवादन करने के लिए उत्साहित रही। बताते चलें सभा स्थल की कमान महिलाएं ही संभाल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में भी महिला पुलिसकर्मी और अफसर तैनात हैं। सभा स्थल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। एसपीजी टीम सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटी हुई है।

भाजपा के काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि जनसभा स्थल को 30 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में कूलर, पेयजल व बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत का अवसर नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रदर्शन है।