भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दर पर टेका माथा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दर पर टेका माथा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दर पर टेका माथा

वाराणसी,28 अप्रैल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने यहां आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। मंदिर के गर्भगृह में विधिविधान से बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक कर अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधिवत दर्शन-पूजन किया।

इस माैके पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मुख्यमंत्री ने बाबा के दरबार में पहली बार आए भाजपा अध्यक्ष नवीन को स्मृति चिंह और प्रसाद दिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी समेत उत्तर प्रदेश सरकार में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी मौजूद रहे।

इससे पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी की। एयरपोर्ट से भाजपा अध्यक्ष कड़ी सुरक्षा के बीच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुए। बाबतपुर हवाई अड्डे से शिवपुर, अतुलानंद, पुलिस लाइन तिराहा, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए वे विश्वनाथ मंदिर मंदिर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता जगह—जगह पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत करते रहे। बाबतपुर हवाई अड्डे से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर कें यात्रा मार्ग पर बने स्वागत प्वाइंट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ाें के साथ स्वागत किया।