माघ मेला में श्रद्धालुओं का मोबाइल चोरी करने वाले सात अपराधी गिरफ्तार, 96 मोबाइल बरामद
माघ मेला में श्रद्धालुओं का मोबाइल चोरी करने वाले सात अपराधी गिरफ्तार, 96 मोबाइल बरामद
प्रयागराज, 02 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले की नैनी थाना पुलिस टीम ने साेमवार काे माघ मेले में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार किया हैं। उनके पास से विभिन्न कम्पनियों के 96 मोबाइल बरामद हुए हैं, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।
पुलिस उपायुक्त यमुना नगर विवेक चन्द्र यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड निवासी राहुल प्रसाद उर्फ कृष्णा, श्रवण कुमार, राम जन्म कुमार, छोटू रवानी, राजू रवानी, सोनू पासवान और पश्चिम बंगाल का बंटी भुइया है। इन सभी को पुलिस ने चकबबूरा अलीमाबाद तालाब के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि हम सभी लोग माघ मेला क्षेत्र में घूम-घूम कर रेकी करते हैं। जब व्यक्ति गंगा स्नान करता है तो हम लोग मोबाइल चोरी कर लेते हैं। हम सभी लोग एक साथ गैंग बनाकर चोरी करते हैं। हम लोग आज मोबाइल लेकर जा रहे थे, तभी पकड़ लिए गये।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी गांव निवासी अनिल केसरवानी की तहरीर पर एक फरवरी को मोबाइल चोरी का मुकदमा नैनी थाने में दर्ज हुआ था। अनिल के साथी विनोद कुमार, नीलम रीयलमी, विद्या भूषण, धर्मेन्द्र त्रिपाठी, अरविन्द त्रिपाठी ने भी मोबाइल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इन अभियुक्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।-