झांसी मंडल में टिकट चेकिंग अभियान से रेलवे ने अर्जित की 3.76 करोड़ आय
- जुलाई माह में निर्धारित लक्ष्य 2.72 करोड़ से 38.24 प्रतिशत अधिक वसूली
झांसी, 06 अगस्त उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में आने वाले झांसी रेल मंडल में चेकिंग स्टाॅफ ने बिना टिकट अनाधिकृत रूप से ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जुलाई माह में मंडल के चेकिंग स्टाॅफ ने निर्धारित लक्ष्य 2.72 करोड़ के सापेक्ष 3.76 करोड़ रुपये की आय जुर्माना वसूली से अर्जित की है, जो पिछले वर्ष अर्जित 75.42 लाख से 400 प्रतिशत अधिक है।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम)दीपक कुमार सिन्हा ने बुधवार काे बताया कि बिना टिकट अनाधिकृत यात्रा करने वाले लोग अपने सहयात्रियों के लिए असुविधा खड़ी करते हैं। इसके साथ ही रेल राजस्व को भी नुकसान पहुंचाते हैं।
इसकाे लेकर अभियान चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वालाें से जुर्माना वसूली में झांसी रेल मंडल ने माह अप्रैल से जुलाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्हाेंने बताया कि सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में मंडल के सभी स्टेशनों, ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ मुस्तैदी के साथ कार्य कर निर्धारित लक्ष्य से अधिक का आंकड़ा प्राप्त किया है। अप्रैल से जुलाई 2025 तक मंडल ने 2.17 लाख प्रकरण के माध्यम से 16.42 करोड़ रुपये का आय अर्जित की गई है, जो की पिछले वर्ष समान अवधि में प्राप्त राजस्व से 16.65 प्रतिशत अधिक है।
डीआरएम ने सभी यात्रियों से अपील की, कि अधिकृत व्यक्ति से टिकट लेकर ही यात्रा न करें। वहीं बिना टिकट लिए यात्रा करने से बचे और रेल के सुगम संचालन में सहयोग दें।