मुरैना में मिट्टी धसकने से एक मजदूर की मौत, पांच घायल

मुरैना में मिट्टी धसकने से एक मजदूर की मौत, पांच घायल

मुरैना में मिट्टी धसकने से एक मजदूर की मौत, पांच घायल

मुरैना, 21 जून । चम्बल वाटर परियोजना के निर्माणाधीन कार्य के तहत मिट्टी धसकने से 6 मजदूर दब गये। इन्हें निकालकर जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पांच का इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना शनिवार को जिले के नूराबाद थाना क्षेत्रान्तर्गत जडेरूआ गांव के पास घटित हुई है।

पुलिस मामले को संज्ञान में लेकर घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के किनारे चम्बल वाटर परियोजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। यह परियोजना ग्वालियर शहर को चम्बल से पेयजल आपूर्ति के लिये क्रियान्वित की जा रही है।

मुरैना से ग्वालियर मोती झील तक 38 किलोमीटर की पाइप लाइन ग्वालियर नगर निगम द्वारा डाली जा रही है। इसके तहत निर्माण एजेंसी द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। पाइप को जमीन के अंदर 8 फुट बिछाया जा रहा है। इसके लिये जमीन की खुदाई भी निरंतर की जा रही है।

शनिवार को पाइप डालने के दौरान मिट्टी की करार धसक गई जिससे वहां काम कर रहे मजदूर दब गये। इनमें कल्लू मारवाड़ी, प्रीतम सिंह, संदीप पाल, प्रमोद व सुनील, नीरज शामिल थे। इन सभी मजदूरों को मिट्टी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। यहां परीक्षण के पश्चात चिकित्सक ने कल्लू मारवाड़ी को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार मजदूर प्रीतम सिंह, संदीप पाल, प्रमोद व सुनील को इलाज के लिये सर्जिकल वार्ड में पहुंचाया गया। इसके साथ ही घायल मजदूर नीरज को ग्वालियर ले जाया गया। नीरज एयरटेल कम्पनी का कर्मचारी बताया जा रहा है। वहीं मृत कल्लू के शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। नूराबाद थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।