बंगाल-असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री यादव बोले- “निर्ममता की राजनीति की जनता ने वसूली कीमत”

बंगाल-असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री यादव बोले- “निर्ममता की राजनीति की जनता ने वसूली कीमत”

बंगाल-असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री यादव बोले- “निर्ममता की राजनीति की जनता ने वसूली कीमत”

ग्वालियर, 04 मई । पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के सामने आ रहे चुनावी नतीजों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा और तीखा बयान सामने आया है। उन्होंने इन परिणामों को जन-जन के विश्वास और राष्ट्रवादी सोच की जीत बताया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जब ममता निर्ममता करेंगी तो उसकी कीमत तो चुकानी पड़ेगी।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सुशासन की बढ़ती स्वीकार्यता को इस जीत का प्रमुख कारण बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल एवं असम में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय जनता के विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने ‘अंग, बंग और कलिंग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हर दिशा में भाजपा का परचम लहराया है और यह राष्ट्रवादी विचारधारा की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि असम ने एक बार फिर घुसपैठियों के खिलाफ राष्ट्रवादी शक्तियों का साथ दिया है, जबकि पश्चिम बंगाल की जनता ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोकतंत्र में अपना अटूट विश्वास दिखाया है। मुख्यमंत्री ने बंगाल के मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तमाम बाधाओं, हिंसा और भय के माहौल के बावजूद अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया है।

डॉ. यादव ने बंगाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य आजादी से पहले देश के सबसे सक्षम और समृद्ध क्षेत्रों में गिना जाता था, लेकिन समय के साथ राजनीतिक नेतृत्व की विफलताओं के कारण यह पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल की स्थिति लगातार खराब होती गई। वर्तमान चुनाव परिणाम उसी दुरवस्था के खिलाफ जनता का सशक्त प्रतिकार हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “ममता दीदी को उनकी नीतियों और कार्यशैली की कीमत चुकानी पड़ी है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि चुनाव से पहले आए अधिकांश सर्वे अब सार्थक सिद्ध हो रहे हैं और जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह 22वां राज्य है जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ खड़ा होता दिखाई दे रहा है, जबकि 17वें राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। यह दर्शाता है कि देशभर में भाजपा की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है और जनता सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में देश में विकास और सुशासन की धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है। उन्होंने इस जीत का श्रेय भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के स्नेह को दिया। मुख्यमंत्री ने बंगाल की जनता को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने न केवल भाजपा के प्रति अपना समर्थन दिखाया, बल्कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान हिंसा, आतंक और अन्य चुनौतियों का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा कि “जनता अपने निर्णय के प्रति संकल्पित रही और इसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिला।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिन राज्यों में भाजपा को पूर्ण सफलता नहीं मिली है, वहां भी पार्टी का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन की बयार पूरे देश में फैल रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनादेश केवल एक राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला संकेत है। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों, पार्टी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को इस ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।