बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार एवं जेवरात बरामद
हत्या के बाद लूटे गए चांदी के जेवर बरामद, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश
प्रयागराज, 20 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मांडा थाने की पुलिस और एसओजी यमुनानगर की संयुक्त टीम ने बुधवार को बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से मृतका के लूटे गए चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को थाना मांडा क्षेत्र के ग्राम साड़ी निवासी उषा देवी ने अपनी मां कस्तूरा देवी की हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दी थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही बृजेश कुमार बिन्द उर्फ मुत्तन और रंगलाल बिन्द पर शक हुआ। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को दोनों आरोपियों को मसौली पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पायल, दो हाथ कंगन, चार बिछिया और दो अंगूठियां बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन पर कर्ज था और कस्तूरा देवी घर में अकेली रहती थीं। उनके घर आना-जाना होने के कारण दोनों की नजर मृतका के चांदी के जेवरों पर थी। 11 और 12 अप्रैल की रात दोनों जेवर लूटने की नीयत से घर पहुंचे। आहट मिलने पर जब कस्तूरा देवी उठने लगीं तो दोनों ने उन्हें चारपाई पर दबा दिया और कपड़े से मुंह व नाक बंद कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपित उनके पहने हुए जेवर उतारकर फरार हो गए।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने खुलासा करने वाली मांडा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की सराहना की।
गिरफ्तार आरोपियों में बृजेश कुमार बिन्द उर्फ मुत्तन और रंगलाल बिन्द शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बृजेश के खिलाफ पहले से भी लूट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मामले दर्ज हैं।