हत्या मामले में फरार पच्चीस हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ दर्ज हैं कई संगीन मुकदमें
प्रयागराज, 20 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाने की पुलिस टीम ने बुधवार को हत्या मामले में फरार पच्चीस हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सिकन्दर पासी पुत्र शम्भूलाल निवासी पूरा दलेल, अल्लापुर थाना जार्जटाउन है। वह थाना जार्जटाउन में दर्ज हत्या एवं एससी/एसटी एक्ट के गंभीर मुकदमे में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीसीपी नगर ने बताया कि आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर 26 जुलाई 2025 की रात हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर की हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में थाना जार्जटाउन में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सिकन्दर पासी फरार चल रहा था।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित कर्नलगंज क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित का लंबा आपराधिक इतिहास है। इसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, धमकी और जुआ अधिनियम समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल राजीव रंजन और कांस्टेबल ओमवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।