जौनपुर के मृत्युञ्जय महादेव धाम में पुरुषोत्तम मास पर होंगे कई अनुष्ठान
जौनपुर के मृत्युञ्जय महादेव धाम में पुरुषोत्तम मास पर होंगे कई अनुष्ठान
जौनपुर, 03 मई । यूपी के जौनपुर में 17 मई से प्रारंभ हो रहे पवित्र अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर उमरछा गांव स्थित प्रसिद्ध मृत्युञ्जय महादेव धाम में महीने भर चलने वाले विशेष धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तय कर ली गई है। रविवार को बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान सुशील कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। इसी के दृष्टिगत धाम में 17 मई से 15 जून तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से बेलपत्र अर्पण के साथ ‘ॐ नमः शिवाय’ का सामूहिक जाप होगा, जिसके बाद सुबह 8 से 10 बजे तक विद्वान पंडितों द्वारा शिवपुराण कथा का वाचन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 8 जून से 15 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का सस्वर पाठ आयोजित किया जाएगा। क्षेत्र की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के लिए प्रतिदिन महामृत्युंजय मंत्र की पांच माला जप का संकल्प लिया गया है। वहीं मासिक शिवरात्रि पर सुंदरकांड पाठ एवं विशेष आरती का भी आयोजन होगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है। बैठक में रमाशंकर उपाध्याय, सुरेश चन्द्र उपाध्याय, सतीश कुमार, सुभाष उपाध्याय, अशोक शुक्ल, अरविंद शुक्ल, राजेश शुक्ल, सूर्यनाथ शुक्ल, संतोष उपाध्याय, राकेश शुक्ल, सदानंद, ओमप्रकाश सिंह, दीना नाथ, अनुज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।