बिजनौर में बस यात्रियों को लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार
बिजनौर में बस यात्रियों को लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार, तीन फरार
बिजनौर, 11 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर पुलिस ने बस यात्रियों के आभूषण एवं नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त सामान बरामद किया है, जबकि गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम पीपलसाना निवासी राकेश तोमर ने 6 मई को चांदपुर डिपो की बस में सफर के दौरान उनकी पत्नी के गले से सोने का पेंडेंट, कानों के बुंदे और अंगूठी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं एक अन्य घटना में थाना रहरा क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी सूरेंद्र प्रताप सिंह ने 4 जून को बस में सफर के दौरान बैग से आवश्यक कागजात एवं लगभग 14 हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी थी। दोनों मामलों में थाना चांदपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनमें नफीस पुत्र सलीम निवासी ग्राम टंडेरा थाना नूरपुर, अहसान पुत्र जाबुद्दीन निवासी ग्राम मोरना थाना नूरपुर, नवाब पुत्र साबिर निवासी चौधरियान कस्बा जोया जिला अमरोहा, सोनू उर्फ नसीम पुत्र इकबाल निवासी ग्राम शेखरोजलान थाना नूरपुर तथा सतपाल पुत्र प्रकाश सिंह निवासी मंडोरा थाना नूरपुर शामिल हैं। इनके कब्जे से एक सोने का पेंडेंट, सोने की बाली, बीजों की माला, अंगूठी, पीली धातु के आभूषण तथा चोरी की नगदी बरामद की है। साथ ही लगभग 8,800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
चांदपुर पुलिस के अनुसार गिरोह के तीन अन्य सदस्य इकबाल उर्फ बहरा, फिरोज और रोशन फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपिताें के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है |