ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सिपाही की मौत

ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सिपाही की मौत

ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सिपाही की मौत

प्रयागराज, 29 मई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना में तैनात नवनियुक्त महिला सिपाही की ट्रैक्टर की टक्कर से शुक्रवार को मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की सूचना परिवार को देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में मृत महिला सिपाही की पहचान सोनभद्र जिले में स्थित घोरावल थाना क्षेत्र के तेन्दुआर गांव निवासी विनीता सिंह (२४) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में सलेक्शन होने के बाद प्रयागराज में प्रशिक्षण सत्र पूरा किया तो उसे पहली पोस्टिंग थरवई थाने में कर दी गई। जहां उसने एक माह की ड्यूटी की है। वह अपने भाई के साथ कमरा लेकर फाफामऊ में रह रही थी। गुरूवार लगभग साढ़े सात बजे थाने से किसी काम से स्कूटी लेकर निकली और वापस लौटते समय थरवई थाने के पास उसकी स्कूटी में एक बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर से विनीता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को महिला सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर घटना की जानकारी परिवार को दी।

मृत महिला सिपाही के पिता श्याम बिहारी ने बताया कि वह चार बहनों एवं एक भाई में तीसरे नंबर की थी। स्नातक की परीक्षा पास करने के बाद पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नौकरी पाई थी। परिवार को बेटी से काफी उम्मीदें और उनके बुढ़ापे का सहारा थी, लेकिन आज वह काल के गाल में समा गई।