सड़क हादसे में पिता- पुत्र की मौत,महिला घायल
सड़क हादसे में पिता- पुत्र की मौत,महिला घायल
नोएडा, 27 मई । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना रबूपुरा क्षेत्र के चचूरा-दनकौर मार्ग पर बीती रात को एक बाइक सड़क पर खड़े डंपर से टकरा गई। डंपर से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार, उसके पिता और मां सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी ओमप्रकाश (50) अपनी पत्नी देवेंद्री (48) और पुत्र अनिल (21) के साथ मंगलवार को किसी काम से बुलंदशहर गए थे। तीनों बाइक पर सवार होकर दनकौर से अलीगढ़-टप्पल की ओर लौट रहे थे। बुलंदशहर बॉर्डर के नजदीक चचूरा-दनकौर मार्ग पर गाड़ी मोड़ने के दौरान बीच सड़क पर खड़े डंपर से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक टकराने के कारण पूरा परिवार सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाते, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को रौंद दिया, जिसमें तीनों को गंभीर चोटें आई। पिता और पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर रबूपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को बुलंदशहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को ग्रेटर नोएडा के कांशीराम अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने बीच सड़क पर खड़े डंपर को कब्जे में ले लिया और उसे थाने ले आई। डंपर के आसपास कोई चालक नहीं था और डंपर पर भी नंबर प्लेट नहीं थी।डंपर से टकराने के बाद जब दंपती और उनका बेटा जमीन पर गिरे तो वह मामूली घायल हुए थे। लेकिन पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने सभी को रौंद दिया। जिसके कारण उनकी मौत हो गई और महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से बात कर कार की तलाश में जुटी है।