बनावटी अंग तथा सहायक उपकरण प्राप्त करने को इच्छुक दिव्यांगजन करें ऑनलाइन आवेदन

बनावटी अंग तथा सहायक उपकरण प्राप्त करने को इच्छुक दिव्यांगजन करें ऑनलाइन आवेदन

बनावटी अंग तथा सहायक उपकरण प्राप्त करने को इच्छुक दिव्यांगजन करें ऑनलाइन आवेदन

प्रयागराज, 21 जून  प्रदेश की योगी सरकार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले दिव्यांगजनों को नि: शुल्क कृत्रिम एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा है। यह जानकारी शनिवार को प्रयागराज जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने दी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजनान्तर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले दिव्यांगजनों एवं विशेष विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को सुगमतापूर्वक दैनिक क्रियाकलापों के सम्पादन में अधिकतम 15,000 रूपये (कुल पन्द्रह हजार रूपये मात्र) की सीमा तक मूल्य के बनावटी अंग यथा-कृत्रिम हाथ-पैर एवं कैलीपर्स आदि एवं सहायक उपकरण यथा-ट्राईसाइकिल, वैशाखी, कान की मशीन, व्हील चेयर, सी.पी. चेयर, एम.आर.किट, ब्रेल किट, ए.डी.एल. किट, स्मार्ट फोन, टेैबलेट आदि निःशुल्क उपलब्ध कराये जाते हैं। जाने कहां और कैसे करें आवेदन अशोक कुमार गौतम ने बताया कि इच्छुक दिव्यांगजन को आवेदन पत्र पूर्ण कर जिला कार्यालय एवं विकास खण्ड कार्यालय पर जमा करने की समस्या के निदान करने के लिए विभाग द्वारा वेब पोर्टल संचालित किया गया है। योजना के तहत किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राओं को प्रतिवर्ष एवं अन्य दिव्यांगजनों को तीन वर्ष में एक बार लाभान्वित किये जाने का प्राविधान है।

जनपद में उक्त योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु इच्छुक दिव्यांगजन एवं अभिभावकजन को अवगत कराना है कि विभागीय वेब पोर्टल https://divyangjanup.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन पत्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। पोर्टल पर पंजीकृत आवेदकों को माह अक्टूबर, 2025 से सम्बन्धित विकास खण्ड और शहरी क्षेत्र में उपकरण वितरण शिविर आयोजित कर लाभान्वित किया जाएगा।