भाविप ने किया राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त स्मृति समारोह का आयोजन
भाविप ने किया राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त स्मृति समारोह का आयोजन
प्रयागराज, 02 फरवरी । भारत विकास परिषद मंगलम् प्रयागराज की ओर से भारत के मूर्धन्य, प्रखर राष्ट्रवादी, नारी उत्थान के प्रबल अध्येता तथा पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त की स्मृति में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर स्थित एक होटल में मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अनीश कुमार गुप्ता ने सबसे पृथक उनके काव्य सृजन पर भिन्न दृष्टि डाली और बताया कि श्री गुप्त के काव्य में भारत के संविधान की अनेक मूल अवधारणायें किस प्रकार पहले से समाहित रहीं।
वहीं मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध साहित्यकार रवि नन्दन सिंह ने राष्ट्रकवि के जीवन, उनकी सम्पूर्ण काव्य यात्रा और उनके रचित साहित्य पर व्यापक आख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री गुप्त का साहित्य सृजन लगभग 6 दशकों तक अनवरत जारी रहा जो किसी भी भाषा और किसी भी कवि की साहित्यिक यात्रा की दृष्टि से स्वयं में एक अप्रतिम रिकार्ड है। उन्होंने उनके साहित्य की विविधता एवं उसके विभिन्न आयामों पर वृहद रूप से प्रकाश डाला।
अपर महाधिवक्ता अशोक मेहता ने भारत विकास परिषद के 5 मूल तत्व - सेवा, सहयोग, समर्पण, संस्कार एवं सम्पर्क के बारे में प्रकाश डाला। नगर के प्रख्यात फिजीशियन डॉ ओपी गुप्ता ने मैथिली शरण गुप्त के पैतृक स्थान पर अपनी यात्रा का स्मरण करते हुए उनकी काव्य की कुछ पंक्तियां उद्धृत कीं और बताया कि कैसे उनकी रचनायें राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत तथा सामाजिक परिष्कार के प्रति समर्पित रहती थीं।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम शाखा संरक्षक नागेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि और अन्य मंचासीन अतिथियों का परिचय दिया। इस अवसर पर मंगलम् शाखा में सम्मिलित 18 नये सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया गया और मुख्य अतिथि द्वारा उन्हें सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किये गये।
आयोजन में शिवनन्दन गुप्ता मार्गदर्शक के अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों, मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधनों में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के बारे में अपने उद्गार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार गुप्ता, अध्यक्षता वी पी गुप्ता तथा धन्यवाद सुनील श्रीवास्तव सचिव द्वारा ज्ञापित किया गया। इसमें प्रयाग प्रान्त तथा विभिन्न अन्य शाखाओं के दायित्वधारियों एवं सदस्यों और गहोई वैश्य समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में शाखा कोषाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, संयोजक जितेन्द्र कुमार, सुशील दुबे, सुधीर द्विवेदी, दीपा जोशी, प्रयाग प्रान्त के संरक्षक सुनील धवन, अनूप जैन, राजीव रत्न भार्गव, अध्यक्ष आर एस सिंह, महासचिव अमित श्याम, वित्त सचिव आर. पी. शर्मा, संयोजक गण निखिलेश श्रीवास्तव, राधेश्याम कड़ेल, रश्मि शुक्ला तथा अन्य शाखाओं से दीपक अग्रवाल, राकेश मित्तल, कन्हैया अग्रवाल, अलका श्रीवास्तव और सन्तोष श्रीवास्तव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।