मात्र 20 रुपये के प्रीमियम पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का लाभ : जिलाधिकारी
मात्र 20 रुपये के प्रीमियम पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का लाभ : जिलाधिकारी
जौनपुर, 21अगस्त । भारत सरकार के वित्तीय सेवाएँ विभाग द्वारा 01 जुलाई से 30 सितम्बर तक “वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान” के अंतर्गत ग्रामीण स्व रोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर में अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गुरुवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र सहित अन्य द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रति वर्ष मात्र 20 रुपये के प्रीमियम पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये तक का लाभ दिया जाता है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में बताया कि मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर किसी भी दुर्घटना में स्वाभाविक मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये तक के लाभ का प्राविधान है। शासन की यह दोनों महत्वकांक्षी योजनाएं सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी लोग इन योजनाओं से आच्छादित हों। उन्होंने सभी से अपील किया कि इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु बीमा अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि जनपद के किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है।
यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख धीरेन्द्र जैन ने कहा कि जिले में यूनियन बैंक की सभी 103 बैंक शाखाओं एवं 880 ग्राहक सेवा केंद्रों द्वारा लक्षित परिवारों/व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया गया है।