कानपुर में 92 वाहनों पर कार्रवाई, 9 सीज, 83 के चालान
कानपुर में 92 वाहनों पर कार्रवाई, 9 सीज, 83 के चालान
कानपुर, 30 मई । घाटमपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर 92 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान नौ वाहन और 83 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान कुल 6.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार रात भर हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 53 वाहनों का चालान कर छह वाहनों को सीज किया और पांच लाख पिचहत्तर हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं, खनन विभाग ने अवैध खनन और परिवहन से जुड़े मामलों में तीन वाहनों को सीज करते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया। पुलिस विभाग ने भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।
उपजिलाधिकारी अबिचल प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि सड़क सुरक्षा, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, अवैध खनन और अवैध परिवहन रोकने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बिल्हौर में दो डंपर जब्त
बिल्हौर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान दो डंपर ओवरलोड पाए गए। एसीपी सुभाष चंद्र और एआरटीओ रामजी गुप्ता की मौजूदगी में परिवहन विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।-------------