रोडवेज बस ने ससुराल से लौट रहे बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत
रोडवेज बस ने ससुराल से लौट रहे बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत
बहराइच, 18 जून। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में जरवल रोड थाना क्षेत्र के बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर में एक सड़क दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दीपक पांडेय बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहटी का रहने वाला था।
दीपक गुरुवार को बहराइच में अपनी ससुराल से वापस अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह जरवल रोड के मुस्तफाबाद सीएचसी के सामने पहुँचे तो विपरीत दिशा से आ रही कैसरबाग डिपो की बस ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए और मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। ग्रामीणों की सहायता से तुरन्त सीएचसी मुस्तफाबाद पहुँचाया गया,जहां प्रारम्भिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जरवल रोड पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया है। थानाध्यक्ष जरवल रोड सन्तोष सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। शव का अन्त्य परीक्षण कराया जा रहा है।