अयोध्या में 62 अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर तैयार, मार्च तक 19 और जुड़ेंगे
अयोध्या में 62 अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर तैयार, मार्च तक 19 और जुड़ेंगे
अयोध्या, 12 दिसंबर । डबल इंजन की सरकार के सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रम में अयोध्या जिले में उचित दर की दुकानों को आधुनिक स्वरूप देने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में अब तक 62 अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि मार्च 2026 तक 19 और नए स्टोर उपभोक्ताओं को समर्पित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तेजी से बन रहे इन मॉडल स्टोर ने ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया है। इन स्टोरों के जरिए राशन कार्ड धारकों को न केवल सस्ता अनाज मिलेगा, बल्कि साफ-सुथरे वातावरण में खाद्यान्न के साथ-साथ दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अयोध्या जिले में कुल 102 अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसमें 75 स्टोर मनरेगा कन्वर्जेंस के तहत तथा 27 स्टोर विभागीय बजट से बनाए जाने थे। शासन ने अभी तक विभागीय बजट से 19 स्टोर की स्वीकृति प्रदान की है। इनमें 13 स्टोर नगर क्षेत्र में तथा 6 स्टोर ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी 19 स्टोर 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कर उपभोक्ताओं को सौंप दिए जाएंगे।
पहली किस्त 4.23 हजार रुपए की जारी
जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ बृजेश मिश्रा ने बताया कि कार्यदायी संस्था का चयन पूरा हो चुका है। मॉडल स्टोर के लिए बजट की पहली किस्त 4 लाख 23 हजार रुपये प्राप्त हो चुकी है। प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत 8 लाख 46 हजार रुपये रखी गई है। शेष राशि कार्य प्रगति के साथ जारी की जाएगी। तय समय-सीमा से पहले सभी स्टोर तैयार कर लिए जाएंगे। अन्नपूर्णा मॉडल स्टोर योजना के तहत राशन की दुकानों को मिनी मार्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इन स्टोरों में राशन के साथ दाल, तेल, नमकीन, बिस्किट, साबुन, सरफ, चाय पत्ती जैसी दैनिक जरूरत की वस्तुएं भी बाजार मूल्य से कम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टोर में बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेगी।