दिव्यांगों की पेंशन में देरी पर आंदोलन तेज होगा: वीरेन्द्र कुमार

दिव्यांगों की पेंशन में देरी पर आंदोलन तेज होगा: वीरेन्द्र कुमार

दिव्यांगों की पेंशन में देरी पर आंदोलन तेज होगा: वीरेन्द्र कुमार

कानपुर, 03 अगस्त । उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजनों की लंबित पेंशन 16 अगस्त तक उनके खातों में नहीं पहुंची तो 17 अगस्त को मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकभवन लखनऊ का घेराव किया जाएगा। यह बातें सोमवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कानपुर में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कहीं।

दिव्यांगजनों की पेंशन भुगतान में कथित देरी के विरोध में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज सर्वोदय नगर स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम के माध्यम से निदेशक एवं प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर लंबित पेंशन तत्काल जारी करने की मांग की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि प्रदेश के बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों के खातों में पिछले कई महीनों से पेंशन नहीं पहुंची है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है, जिससे लाभार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि यदि 16 अगस्त तक सभी पात्र दिव्यांगजनों के खातों में पेंशन नहीं भेजी गई तो 17 अगस्त को प्रदेशभर के दिव्यांग संगठन संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकभवन का घेराव करेंगे। उन्होंने सरकार पर दिव्यांगजनों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेंशन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

वीरेन्द्र कुमार ने यह भी कहा कि दिव्यांग पेंशन बढ़ाने की घोषणाएं लंबे समय से की जा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें अमल में नहीं लाया गया। उन्होंने सरकार से लंबित पेंशन का शीघ्र भुगतान करने और दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।