काशी विश्वनाथ मंदिर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किए दर्शन, CM योगी भी रहे मौजूद

काशी तमिल संगमम-5 के उद्घाटन से पहले बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ का किया पूजन, देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना

काशी विश्वनाथ मंदिर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किए दर्शन, CM योगी भी रहे मौजूद

वाराणसी, 28 नवंबर । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर देश में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे।

उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी नमोघाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन से पहले मंदिरों में पहुंचे और बाबा का आशीर्वाद लिया। दर्शन-पूजन की शुरुआत काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर से हुई। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी के साथ बाबा कालभैरव का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचने और वहां से रवाना होने के दौरान दोनों नेताओं ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया और षोडशोपचार विधि से विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने बाबा से देश की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद दोनों नेता नमोघाट के लिए रवाना हो गए, जहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम तमिल के महान प्राचीन ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' की शिक्षाओं पर आधारित है। कार्यक्रम के तहत तमिलनाडु से सात अलग-अलग समूहों में कुल 1,750 प्रतिनिधियों के वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम है।

प्रतिनिधियों के आगमन का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। तमिलनाडु से 200 प्रतिनिधियों का पहला दल शुक्रवार रात विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचा। शेष प्रतिनिधि भी आगामी दिनों में अलग-अलग समूहों में काशी पहुंचेंगे। काशी और तमिलनाडु की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सभ्यतागत विरासत के संगम को समर्पित यह आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा।