वाराणसी में महापौर अशोक तिवारी ने की स्व-गणना, डिजिटल जनगणना अभियान का हुआ शुभारंभ
वाराणसी में महापौर अशोक तिवारी ने की स्व-गणना, डिजिटल जनगणना अभियान का हुआ शुभारंभ
वाराणसी,16 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत सोमवार से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ हो गया। शहर के प्रथम नागरिक महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अपने सिगरा स्थित आवास पर स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे तय समय सीमा के भीतर घर बैठे पोर्टल के जरिए अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें।
महापौर ने कहा कि आगामी 16 से 30 नवंबर तक नागरिक स्व-गणना की इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस डिजिटल प्रक्रिया के तहत लोगों को कुल 40 बिंदुओं पर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन द्वारा दी जाने वाली यह तमाम जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएंगी। इस डेटा का उपयोग देश के समग्र विकास और भावी योजनाओं की प्लानिंग के लिए किया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने बताया कि पूर्व में हुए पहले चरण (मकान सूचीकरण) की तर्ज पर ही आम जन आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ऑनलाइन प्रश्नावली भरनी होगी। विवरण सफलतापूर्वक जमा होने पर 11 अंकों की एक विशिष्ट एसई -आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखाने पर डेटा स्वतः सत्यापित हो जाएगा।
उन्हाेंने बताया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े कुल 40 बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। प्रशासन ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र सहित नगर निगम के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इन 40 बिंदुओं की जानकारी पहले से रखें तैयार
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि आमजन को परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता (निःशक्तता), मातृभाषा व अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक स्तर इत्यादि की जानकारी तैयार रखनी होगी।
इसके अतिरिक्त कामकाज व व्यवसाय की श्रेणी, उद्योग या सेवा का स्वरूप, कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व व स्थायी निवास स्थान, विवाहित महिलाओं के लिए बच्चों से जुड़े विवरण, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े 40 सवालों के जवाब देने होंगे। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सभी काशी वासियों से अपील की है कि सभी लोग स्व-जनगणना करें तथा अपने आस पास के लोगों को भी जानकारी साझा करें, जिससे शत प्रतिशत लोगों का जनगणना हो सके।