झाडू लेकर उतरे भाजपा नेता, बोले-स्वच्छता को अभियान नहीं, जनआंदोलन बनाना होगा

मिंट हाउस में स्वामी विवेकानंद प्रतिमा स्थल पर चला स्वच्छता अभियान, वी.डी. शर्मा और जे.पी.एस. राठौर ने की अगुवाई

झाडू लेकर उतरे भाजपा नेता, बोले-स्वच्छता को अभियान नहीं, जनआंदोलन बनाना होगा

वाराणसी, 16 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिंट हाउस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में स्वच्छता का संदेश देने के साथ पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर आसपास के परिसर की सफाई की। अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा तथा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने भी इसमें भागीदारी की। दोनों नेताओं ने झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और इसे जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया।

इस दौरान सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से ही स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, जो अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और खुशहाल समाज की बुनियाद है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया। स्वच्छ भारत अभियान पिछले दशक में शुरू हुए भारत के प्रमुख और महत्वपूर्ण अभियानों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम के रूप में 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का प्रभाव केवल शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को सामाजिक अभियान का स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।

—स्वच्छता को हर नागरिक की जिम्मेदारी बनाने पर जोर

भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया और शौचालयों के निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के बुनियादी ढांचे में बदलाव के प्रयासों के साथ स्वच्छता को भी विकास की प्रक्रिया से जोड़ा गया, जिससे देश को तीव्र गति से आगे बढ़ाने की दिशा में काम हुआ। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनाना भी है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत देशभर में कचरा प्रबंधन के साथ जनजागरूकता के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। स्वच्छता अभियान के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। इस अभियान में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश सिंह अलगू, आर.पी. कुशवाहा, अनूप जायसवाल, संतोष सोलापुरकर, संजीव चौरसिया, शैलेंद्र मिश्रा आदि ने भी भागीदारी की।