यूपी में बीज विक्रेताओं पर कार्रवाई, 5 के लाइसेंस निरस्त और 188 को कारण बताओ नोटिस
यूपी में बीज विक्रेताओं पर कार्रवाई, 5 के लाइसेंस निरस्त और 188 को कारण बताओ नोटिस
लखनऊ, 16 नवंबर
। उत्तर प्रदेश में रबी फसलों की बुआई के दृष्टिगत नकली एवं अधोमानक बीजों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए राज्यव्यापी आकस्मिक निरीक्षण अभियान के तहत बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। अनियमितता पाए जाने पर 05 बीज विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए।, 05 प्रतिष्ठानों की बिक्री को प्रतिबंधित किया गया तथा 188 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि कृषकों को निर्धारित मूल्य पर उच्च गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा दिनांक 27 अक्टूबर को प्रदेश के समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को बीज विक्रेताओं की दुकानों एवं बीज व्यवसाय के प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश भर में सघन जांच अभियान संचालित किया गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान प्रदेश भर में कुल 2,858 स्थानों पर छापे डाले गए, जिनमें गुणवत्ता परीक्षण के लिए बीजों के 1,865 नमूने लिए गए। कड़ी कार्रवाई के क्रम में 05 लाइसेंस निरस्त करने, 05 की बिक्री प्रतिबंधित करने और 188 को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ-साथ 26 लोगों को चेतावनी दी गई है। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के हितों की रक्षा के लिए गुणवत्ताहीन बीजों के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।