एचसीएल-फॉक्सकॉन से लेकर अवाडा तक, उत्तर प्रदेश में 45 हजार करोड़ का निवेश; 25 हजार से अधिक रोजगार मिलेंगे
एचसीएल-फॉक्सकॉन, अवाडा, एंबर, एसएईएल समेत आठ बड़ी कंपनियां गौतमबुद्ध नगर में करेंगी 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश
लखनऊ, 07 अगस्त । उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से उभरता विनिर्माण एवं निवेश केंद्र बनकर सामने आया है। उद्योग-अनुकूल नीतियां, पारदर्शी एवं उत्तरदायी शासन, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक गलियारों और निवेशकों को समयबद्ध प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की व्यवस्था ने प्रदेश को देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों की पहली पसंद बना दिया है। इसी विश्वास का परिणाम है कि एचसीएल-फॉक्सकॉन, अवाडा इलेक्ट्रो, एंबर एंटरप्राइजेज, एसएईएल सोलर, ओरियाना पावर, सीईएससी ग्रीन पावर, आईबी सोलर और एसेंट के सर्किट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने गौतमबुद्ध नगर में नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने अथवा अपने निवेश का विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह आठ बड़ी कंपनियां 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगी। इन निवेशों से न केवल प्रदेश में 25 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे, बल्कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
हरित ऊर्जा क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश
हरित ऊर्जा क्षेत्र में अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड ने 16 हजार 139 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इस परियोजना से लगभग 7,400 नये रोजगार सृजित होंगे।इससे उत्तर प्रदेश देश के नवीकरणीय ऊर्जा विनिर्माण क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में और मजबूत होगा। इसी क्षेत्र में एसएईएल सोलर प्राइवेट लिमिटेड ने आठ हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ लगभग 7,760 रोजगार सृजित करने की योजना बनाई है। वहीं ओरियाना पावर लिमिटेड चार हजार 500 करोड़ रुपये तथा सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड तीन हजार 805 करोड़ रुपये का निवेश कर प्रदेश के हरित ऊर्जा इकोसिस्टम को नई ऊंचाई देंगे।
सेमीकंडक्टर और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग को नई उड़ान
उत्तर प्रदेश अब केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि हाईटेक विनिर्माण का भी प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। एचसीएल-फॉक्सकॉन (इंडिया चिप प्रा. लि.) सेमीकंडक्टर नीति के तहत तीन हजार 706 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इससे लगभग तीन हजार नए रोजगार सृजित होंगे। इसी क्रम में एसेंट के सर्किट ने तीन हजार 250 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है, जो प्रदेश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन को और मजबूत करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी तेजी
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में एंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड तीन हजार 232 करोड़ रुपये का निवेश कर अपने उत्पादन का विस्तार करेगी, जिससे लगभग तीन हजार रोजगार मिलेंगे। वहीं आईबी सोलर का तीन हजार करोड़ रुपये का निवेश करीब तीन हजार 200 नये रोजगार सृजित करेगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक पार्क, उत्कृष्ट लॉजिस्टिक्स, कुशल मानव संसाधन और निवेशक-अनुकूल प्रशासन के बल पर उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी विनिर्माण हब बन रहा है। इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में निर्णायक गति प्राप्त होगी।