प्रयागराज में 1.67 लाख से अधिक बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन, डीबीटी से सीधे खातों में राशि

सीधे बैंक खातों में पेंशन पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी और बिचौलियों की भूमिका खत्म

प्रयागराज में 1.67 लाख से अधिक बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन, डीबीटी से सीधे खातों में राशि

प्रयागराज, 06 नवंबर। योगी सरकार की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना बुजुर्गों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देकर सम्मानपूर्वक जीवनयापन में मददगार बन रही है। पेंशन की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और पेंशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आई है। यह जानकारी शुक्रवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल ने दी।

उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ बुजुर्गों की आमदनी के साधन सीमित हो जाते हैं और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना उन्हें आर्थिक सहारा दे रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित सहायता से बुजुर्ग दवाओं, दैनिक जरूरतों और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा कर पा रहे हैं।

समाज कल्याण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रयागराज जिले के कुल 1,67,536 वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया गया। वहीं, अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ने के प्रयासों के तहत 26,335 नए आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इससे जिले में योजना का दायरा बढ़ा है और अधिक जरूरतमंद बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा मिली है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण का कहना है कि प्रदेश सरकार प्रत्येक पात्र बुजुर्ग को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। डीबीटी के माध्यम से पेंशन सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है, ताकि जरूरतमंदों को बिना किसी बाधा के योजना का लाभ मिल सके और वे सम्मान के साथ जीवनयापन कर सकें।