कबाड़ बीनने वाले 25 बच्चों के हाथों में पहुंचीं किताबें, अब सरकारी स्कूल में करेंगे पढ़ाई

- हम सबका स्कूल ने बदली मलिन बस्ती के बच्चों की राह

कबाड़ बीनने वाले 25 बच्चों के हाथों में पहुंचीं किताबें, अब सरकारी स्कूल में करेंगे पढ़ाई

अयोध्या, 07 अगस्त  उत्तर प्रदेश में अयाेध्या जिले के हांसापुर की मलिन बस्ती में कभी कबाड़ बीनने वाले बच्चों के हाथों में अब कापी-पेंसिल हैं। शिक्षा से दूर इन बच्चों को ‘निःशुल्क हम सबका स्कूल’ ने पढ़ाई की राह दिखाई। स्कूल के प्रयास से 25 बच्चे अब प्राथमिक विद्यालय हांसापुर में दाखिला लेकर नियमित शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। बच्चों के सरकारी विद्यालय पहुंचने पर उन्हें कापी और पेंसिल वितरित कर पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया।

‘हम सबका स्कूल’ का संचालन रिषभ शर्मा उर्फ शिवा की ओर से वर्ष 2023 से खुले आसमान के नीचे पेड़ की छांव में किया जा रहा है। यहां कभी 35 बच्चे पढ़ते थे। निरंतर प्रयास के बाद 25 बच्चों का सरकारी स्कूल में प्रवेश कराया गया है। इससे बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है। मां शेरावाली न्याय धाम चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष सीता शर्मा ने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय हांसापुर की प्रधानाध्यापिका नीता को अंगवस्त्र व गूलर, आम के पौधे देकर सम्मानित किया है।