Prayagraj Crime: हंडिया में सपा नेता पवन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, अखिलेश की पार्टी ने सरकार पर उठाए कानून-व्यवस्था के सवाल

कार से उतरते समय बाइक सवार हमलावरों ने मारी गोली, सपा ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और परिजनों को ₹50 लाख सहायता देने की मांग की

Prayagraj Crime: हंडिया में सपा नेता पवन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, अखिलेश की पार्टी ने सरकार पर उठाए कानून-व्यवस्था के सवाल

प्रयागराज, 15 सितंबर । प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाने से कुछ ही दूरी पर भीड़भाड़ वाले इलाके में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सपा ने बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना बताया है। सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कार से उतर रहे पूर्व प्रधान पवन यादव को गोली मारी और मौके से फरार हो गए।

उन्होंने कहा कि पवन यादव मुंगराव, हंडिया के निवासी थे और बेहद मिलनसार व्यक्ति के रूप में उनकी पहचान थी। वह हंडिया प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनकी हत्या से क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन हो रही हत्याओं, विशेषकर पीडीए समाज के लोगों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे को खोखला साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हत्या होना कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।दान बहादुर सिंह मधुर ने सरकार से हत्यारों का तत्काल सुराग लगाकर गिरफ्तारी करने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने और परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत का कहना है कि मृतक परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।