प्रयागराज रोजगार मेला: 3000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती, 10 से 30 हजार तक वेतन

24 सितंबर को थॉर्नहिल रोड स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में लगेगा रोजगार महोत्सव; 18 से 35 वर्ष के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

प्रयागराज रोजगार मेला: 3000 से अधिक पदों पर सीधी भर्ती, 10 से 30 हजार तक वेतन

प्रयागराज, 21 सितंबर । नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, 29-ए थॉर्नहिल रोड, प्रयागराज में 24 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 20 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी और विभिन्न पदों पर तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों की सीधे भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। मेले का आयोजन सुबह 10 बजे से होगा। इसमें अलग-अलग कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और संबंधित पद के लिए निर्धारित मानकों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।

अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके साथ ही अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र और जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। कंपनियों, रिक्त पदों, योग्यता और अन्य आवश्यक जानकारी अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिले के योग्य बेरोजगार अभ्यर्थी समय से रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराकर मेले में प्रतिभाग करें। तीन हजार से अधिक पदों पर भर्ती का यह अवसर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने में मदद करेगा।