फरवरी- मार्च में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव, तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता : अशोक चौरसिया
17 नवंबर से 26 दिसंबर तक चलेगा नए मतदाताओं को जोड़ने का विशेष अभियान, संगठन में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरतने की हिदायत
प्रयागराज, 12 नवंबर । वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अब नजदीक हैं। फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के प्रथम सप्ताह तक चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में कार्यकर्ता चुनाव को करीब मानकर पूरी तत्परता से तैयारी में जुट जाएं। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने के अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यह बातें गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में प्रयागराज महानगर, गंगापार और यमुनापार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहीं।
उन्होंने कहा कि आगामी 17 नवंबर से 26 दिसंबर तक नए मतदाताओं को जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाना है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने का काम करें।
अशोक चौरसिया ने कहा कि पूरा विपक्ष भाजपा को हराने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रहा है, जबकि भाजपा देश को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना होगा कि प्रयागराज की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए अभी से संगठनात्मक तैयारियों को गति देनी होगी।
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महामना का पूरा जीवन देश और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, मनोज निषाद, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, सचिन जायसवाल, रेनीज श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह और सुजीत कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।