नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 11 साल का कारावास
अपहरण के मामले में भी पांच साल की सजा, कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड
प्रयागराज, 12 नवंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत थाने की पुलिस टीम द्वारा की गई प्रभावी पैरवी के चलते विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट की अदालत ने गुरुवार को दुष्कर्म मामले के दोषी को 11 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। वहीं, अपहरण के मामले में पांच वर्ष का कठोर कारावास और तीन हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बागी गांव निवासी हसनैन पुत्र स्वर्गीय सलीम अहमद के खिलाफ सराय इनायत थाने में वर्ष 2019 में मुकदमा अपराध संख्या 656/2019 के तहत धारा 363, 376, 506 भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रयागराज पुलिस की प्रभावी पैरवी से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए अदालत ने कठोर सजा सुनाई है।
मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी की गई। इसके परिणामस्वरूप गुरुवार को अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
मामले में प्रभावी पैरवी एडीजीसी विनय तिवारी, सरायइनायत थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम, कोर्ट मोहर्रिर हेड कांस्टेबल कल्पूराम और थाने के पैरोकार हेड कांस्टेबल श्रीनिवास ने की।