चट्टानों पर बनी हजारों साल पुरानी कला का होगा संरक्षण, डिजिटल मैपिंग से दर्ज होगी यूपी की प्राचीन विरासत

चंदौली, सोनभद्र और मीरजापुर के रॉक आर्ट स्थलों से शुरुआत की तैयारी है। राज्य पुरातत्व निदेशालय और IGNCA मिलकर स्थलों का दस्तावेजीकरण और वैज्ञानिक स्थिति आकलन करेंगे।

चट्टानों पर बनी हजारों साल पुरानी कला का होगा संरक्षण, डिजिटल मैपिंग से दर्ज होगी यूपी की प्राचीन विरासत

लखनऊ, 25 सितंबर  उत्तर प्रदेश में चट्टानों पर उकेरी गई हजारों साल पुरानी कला से लेकर ऐतिहासिक स्मारकों की दीवारों पर बने भित्तिचित्रों तक को संरक्षित किया जाएगा। प्रदेश सरकार प्राचीन रॉक आर्ट का डिजिटल रिकॉर्ड और मैपिंग तैयार कराने के साथ इन चित्रों की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन कराएगी। इसके आधार पर संरक्षण की जरूरत और आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी और 15वीं से 19वीं शताब्दी के बीच बने ऐतिहासिक भित्तिचित्रों को भी इस संरक्षण कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इस पहल के जरिए चट्टानों और स्मारकों पर मौजूद प्रदेश की प्राचीन विरासत को व्यवस्थित तरीके से दर्ज कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित करने की तैयारी की जा रही है।

रॉक आर्ट केवल पुराने चित्रों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह उस दौर के जीवन, सोच और मान्यताओं को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। चट्टानों पर बने जानवरों, शिकार और नृत्य से जुड़े चित्र उस समय के लोगों के जीवन और उनके आसपास के वातावरण से जुड़ी जानकारी देते हैं। इन चित्रों के अध्ययन से शोधकर्ताओं को यह समझने में मदद मिल सकती है कि तत्कालीन समुदाय किस तरह रहते थे, अपने आसपास की दुनिया को किस नजर से देखते थे और अपनी मान्यताओं व अनुभवों को चित्रों के माध्यम से किस तरह व्यक्त करते थे।

प्रस्तावित योजना के पहले चरण में चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर और आसपास के क्षेत्रों के रॉक आर्ट स्थलों को शामिल करने का प्रस्ताव है। राज्य पुरातत्व निदेशालय और नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) संयुक्त रूप से इन स्थलों का दस्तावेजीकरण और स्थिति का आकलन करेंगे। विशेषज्ञों की जांच से प्रत्येक स्थल की जरूरतों को समझा जाएगा और उसी के आधार पर संरक्षण के लिए तकनीकी प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इससे संरक्षण का काम संबंधित स्थल की वास्तविक स्थिति और जरूरत के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य विभाग अमृत अभिजात ने अधिकारियों को इसके आधार पर वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। अमृत अभिजात ने कहा कि इन चित्रों में पिछली पीढ़ियों की कहानियां, उनकी कल्पना, मान्यताएं और जीवन शैली दर्ज है। इनका संरक्षण केवल चित्रों को बचाना नहीं, बल्कि उनमें छिपे ज्ञान को भी सुरक्षित रखना है। इसके लिए विरासत का भरोसेमंद रिकॉर्ड तैयार करने के साथ उन लोगों को जरूरी जानकारी और कौशल देना भी जरूरी है, जो इसके संरक्षण का काम करेंगे।

प्रस्तावित डिजिटल आर्काइव में रॉक आर्ट स्थलों और उनकी वर्तमान स्थिति से जुड़ी जानकारी एक जगह दर्ज की जाएगी। विशेषज्ञों की फील्ड जांच के आधार पर प्रत्येक स्थल की स्थिति और संरक्षण की जरूरत का रिकॉर्ड तैयार होगा। यह डिजिटल दस्तावेज आगे होने वाले अध्ययन और आकलन के लिए भी संदर्भ के रूप में काम करेगा। इससे प्रदेश के प्राचीन रॉक आर्ट स्थलों की जानकारी व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखने और भविष्य में उनके संरक्षण की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।