सीएससी आईडी के दुरुपयोग से लाखों की साइबर ठगी, दो अभियुक्त गिरफ्तार
सीएससी आईडी के दुरुपयोग से लाखों की साइबर ठगी, दो अभियुक्त गिरफ्तार
सोनभद्र, 12 नवंबर साइबर थाना पुलिस टीम ने जन सेवा केन्द्र संचालित करने के लिए उपयोग में आने वाली सीएससी आईडी के दुरुपयोग से लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में दो अभियुक्तों काे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त जनसेवा केन्द्रों की बंद सीएससी आईडी को एक्टिव कराने के नाम पर यूजर आईडी-पासवर्ड हासिल कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने एवं अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों पर फर्जी सीएससी आईडी बनाकर साइबर ठगी का कार्य करते थे।
एडीशनल एसपी मेविस टॉक ने गुरुवार को बताया कि साइबर थाना पर पीड़ित विशाल पटेल निवासी सुकृत ने उपस्थित होकर बताया कि गलत सत्यापन एवं सीएससी आईडी के आपराधिक गतिविधियों में दुरुपयोग के कारण गुजरात पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया था तथा उन्हें जमानत करानी पड़ी थी। पीड़ित द्वारा अपनी आपबीती बताने पर पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू किया।
जांच में प्रकाश में आया कि जनसेवा केन्द्र से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त अभियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा जनपद में संचालित जनसेवा केन्द्रों की बंद सीएससी आईडी को पुनः एक्टिव कराने के नाम पर संचालकों से उनकी यूजर आईडी एवं पासवर्ड प्राप्त कर लिए जाते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर उक्त आईडी साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को उपलब्ध करा दी जाती थी। इसके अतिरिक्त अभियुक्तों द्वारा साइबर अपराधियों के साथ मिलकर अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई सीएचसी आईडी बनवाई जाती थी तथा उनका सत्यापन कराकर उन्हें एक्टिवेट किया जाता था। इस प्रकार फर्जी तरीके से तैयार की गई एवं अन्य जनसेवा केन्द्रों की सीएससी आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराकर साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
जांच में पता चला कि जिले के चार लोगों की सीएससी आईडी से साइबर फ्राड किया गया है। इस मामले में पुलिस टीम ने आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय, निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर और अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड, निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन एक बाइक बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही कर न्यायालय भेजा जा रहा है।