सबसे पवित्र और खूबसूरत रिश्तों में से एक है भाई-बहन का रिश्ता : नन्दी

भैया दूज पर मंत्री नन्दी ने शहर दक्षिणी की सैकड़ों बहनों से की मुलाकात, बहनों ने तिलक लगाकर दिया आशीर्वाद, मंत्री ने भेंट किए उपहार

सबसे पवित्र और खूबसूरत रिश्तों में से एक है भाई-बहन का रिश्ता : नन्दी

प्रयागराज, 11 नवंबर । बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल पूंजी है। उनके हर सुख-दुःख में साथ खड़े रहना और जरूरत के समय हरसंभव मदद करना मेरा दायित्व है। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने भैया दूज के अवसर पर कहीं। उन्होंने महेवा, नैनी स्थित भैरव बाबा मंदिर परिसर में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों बहनों के साथ भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व मनाया।

इस अवसर पर भाजपा की महिला पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं और अन्य बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मंत्री नन्दी के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बहनों से मिले स्नेह और आशीर्वाद के प्रति आभार जताते हुए मंत्री ने उन्हें उपहार भेंट किए तथा दीपावली सहित पांच पर्वों के महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता सबसे पवित्र और खूबसूरत रिश्तों में से एक है। भैया दूज का पर्व इस रिश्ते में प्रेम, विश्वास, समर्पण और सम्मान की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि भाई-बहन का यह बंधन हमेशा अटूट रहे और सभी बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे।

कार्यक्रम में बहनों का उत्साह देखते ही बना। पारंपरिक तिलक और उपहारों के साथ आत्मीय संवाद ने आयोजन को पारिवारिक अपनत्व और स्नेह से भर दिया।