राम प्रताप यादव बने सपा के प्रदेश सचिव

छात्र राजनीति से सपा से जुड़े रहे राम प्रताप यादव को मिली प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारी

राम प्रताप यादव बने सपा के प्रदेश सचिव

प्रयागराज, 04 अक्टूबर।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अनुमति से प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के सोंनौटी गांव निवासी राम प्रताप यादव को प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। यह जानकारी रविवार को सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने दी।

उन्होंने बताया कि राम प्रताप यादव लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वह सीएमपी डिग्री कॉलेज में वर्ष 2005-06 में छात्रसंघ के संयुक्त सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा लोहिया वाहिनी में जिला महासचिव सहित कई पदों पर उन्होंने कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि राम प्रताप यादव के संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा। प्रदेश सचिव के रूप में वह संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। राम प्रताप यादव की माता धनपत्ती देवी जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं। उनकी नियुक्ति पर सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तिखार हुसैन, पूर्व मंत्री रामवृक्ष यादव, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक विजमा यादव, गीता शास्त्री, संदीप पटेल, पूर्व विधायक जोखू लाल यादव, बासुदेव यादव सहित पार्टी के अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।