प्रयागराज में आज बारिश और तेज हवाओं के आसार, 50 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर जारी किया पूर्वानुमान; दोपहर बाद तक सतर्क रहने की सलाह, किसानों से भी सावधानी बरतने की अपील।

प्रयागराज में आज बारिश और तेज हवाओं के आसार, 50 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

प्रयागराज, 17 सितंबर । संगमनगरी प्रयागराज में गुरुवार को मौसम में बदलाव के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग के जिला स्तरीय तात्कालिक पूर्वानुमान में प्रयागराज समेत आसपास के कई जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा की संभावना जताई गई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों की सक्रियता बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।

जिला स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार प्रयागराज के अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, सुलतानपुर, अयोध्या सहित कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. पांडेय ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की। उन्होंने किसानों को भी मौसम को देखते हुए खेतों में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।