प्रयागराज: मुक्त विश्वविद्यालय में टीबी मरीजों को बांटी पोषण पोटली, यमुना परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण

कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कहा—शिक्षा के साथ समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भी संवेदनशील है विश्वविद्यालय; टीबी मरीजों को नियमित दवा और पौष्टिक आहार लेने की अपील।

प्रयागराज: मुक्त विश्वविद्यालय में टीबी मरीजों को बांटी पोषण पोटली, यमुना परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण

प्रयागराज, 17 सितंबर उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय केवल शिक्षा के प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भी संवेदनशील है। टीबी गंभीर लेकिन उपचार योग्य बीमारी है। इसके उपचार में पौष्टिक आहार, नियमित दवा और सकारात्मक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यह बात विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। विश्वविद्यालय, राजकीय क्षय रोग चिकित्सालय, प्रयागराज और भारतीय स्टेट बैंक, सिविल लाइंस के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने टीबी मरीजों से नियमित दवा लेने और उपचार के दौरान पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने टीबी मुक्त भारत के संकल्प में सभी से सहयोग करने का आह्वान किया।

वित्त अधिकारी पूनम मिश्रा ने मरीजों का हौसला बढ़ाते हुए नियमित जांच कराने, दवाओं का पूरा कोर्स लेने और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीमारी के दौरान मानसिक संबल और पौष्टिक भोजन बहुत महत्वपूर्ण है। राजकीय क्षय रोग चिकित्सालय के मेजर डॉ. एसके सिंह ने टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने प्रोटीन, विटामिन और खनिजों से भरपूर भोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही निःशुल्क जांच, दवा और निक्षय पोषण योजना का लाभ लेने के लिए मरीजों को प्रेरित किया।

भारतीय स्टेट बैंक की शाखा प्रबंधक गरिमा श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैंक सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने टीबी मरीजों को गोद लेकर अपने हाथों से पोषण पोटली वितरित की। पोटली पाकर मरीजों के चेहरे पर खुशी और आशा दिखाई दी। कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विज्ञान विद्या शाखा की ओर से किया गया। संचालन प्रो. मीरा पाल ने किया। राजकीय क्षय रोग चिकित्सालय से अशोक कुमार शुक्ला और शिवेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।

इसी क्रम में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के यमुना परिसर में कृषि विज्ञान विद्या शाखा की ओर से वृहद वृक्षारोपण किया गया। शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।