प्रयागराज में STF का बड़ा एक्शन, 1 करोड़ की कोडीन सिरप और नशीली गोलियां बरामद; 3 गिरफ्तार

एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एसटीएफ प्रयागराज फील्ड यूनिट ने कार्रवाई करते हुए 19,338 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और 61,600 नशीली गोलियां बरामद कीं।

प्रयागराज में STF का बड़ा एक्शन, 1 करोड़ की कोडीन सिरप और नशीली गोलियां बरामद; 3 गिरफ्तार

प्रयागराज, 28 सितंबर। अंतरराज्यीय स्तर पर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई ने सोमवार को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 19,338 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप, 61,600 अलग-अलग नामों की जेनेरिक दवाओं की गोलियां, एक टाटा नेक्सन कार, 95 सफेद खाली बोरियां, दो डाई ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मूलरूप से अयोध्या जनपद के बीकापुर थाना क्षेत्र के मैना पड़ाइन गांव निवासी आशुतोष तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी पुत्र रविंद्र नाथ तिवारी, जो वर्तमान में जयंतीनगर, सुलेमसराय, थाना धूमनगंज, प्रयागराज , नगर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के सूबेदारगंज जयरामपुर गांव निवासी अंकेश कुमार पुत्र सत्यनारायण प्रजापति, और इसका बड़ा भाई अमित प्रजापति है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप मंगाकर बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई कर रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में एसटीएफ निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम सूचना संकलित कर रही थी। एसटीएफ टीम को सूचना मिली कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भारत गैस के पास कटहुला गौसपुर स्थित एक मकान में अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं का भंडारण किया गया है।

सूचना पर एसटीएफ टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त धूमनगंज रवि कुमार गुप्ता, औषधि निरीक्षक प्रयागराज सुनील कुमार रावत, औषधि निरीक्षक फतेहपुर संजय दत्त और औषधि निरीक्षक कौशांबी अरविंद कुमार को साथ लेकर विवेक श्रीवास्तव के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अवैध कफ सिरप और विभिन्न नामों की गोलियां मिलीं। मौके से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे चल रहा था कफ सिरप का कारोबार

पूछताछ में एसटीएफ के अनुसार आरोपितों ने बताया कि उनका गिरोह नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी करता है। यह सिरप विंग्स बायोटेक एलएलपी, 43-44 एचपीएसआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया, बद्दी, हिमाचल प्रदेश द्वारा ओनेरेक्स नाम से तैयार किया जाता है।

गिरोह के अन्य सदस्य जतिन मिश्रा उर्फ शिवम मिश्रा, निवासी भीरपुर, करछना, प्रयागराज, ने सी-47, मंगोलपुरी, नई दिल्ली के पते पर नोवोट्रिक्स लाइफ साइंसेज नाम से फर्म बनाई थी। इसके माध्यम से प्रयागराज और वाराणसी की फर्मों के नाम पर फर्जी बिल्टी तैयार कर दिल्ली से कोडीनयुक्त कफ सिरप और जेनेरिक दवाएं मंगाई जाती थीं।

इसके बाद दवाओं को भारत गैस के पास कटहुला गौसपुर स्थित किराये के मकान में छिपाकर रखा जाता था। गिरोह के सदस्य कफ सिरप की शीशियों पर लिखे बैच नंबर को ग्राइंडर की मदद से मिटाकर उनकी पहचान छिपाते थे। इसके बाद बोरी में भरकर चोरी-छिपे लीडर रोड के थोक दवा कारोबारियों शनि जायसवाल और आशु जायसवाल सहित स्थानीय बाजार और आसपास के जिलों में सप्लाई की जाती थी।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि टीम को अंतरराज्यीय स्तर पर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी की सूचना मिली थी। जांच और अभिसूचना के आधार पर एयरपोर्ट क्षेत्र में कार्रवाई कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद दवाओं की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसकी सप्लाई चेन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 150/2026, धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

---------------