अवैध देशी बम के साथ सात वांछित गिरफ्तार
अवैध देशी बम के साथ सात वांछित गिरफ्तार
प्रयागराज, 02 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शिवकुटी थाने एवं नगर एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को फरार चल रहे सात युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने सातों के कब्जे से सात बम बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना शिवकुटी पुलिस, एसओजी नगर टीम और सर्विलांस सेल नगर की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के प्रयास एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सात अवैध देशी बम भी बरामद किए गए हैं।
डीसीपी नगर ने बताया कि थाना शिवकुटी में दर्ज मुकदमा संख्या 117/2026 के संबंध में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। खुफिया सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रविवार को राम जानकी मंदिर, शिवकुटी के पास घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में नितिन निषाद उर्फ अखिल, रवि निषाद, विनीत निषाद, वंश निषाद, राहुल वर्मा, शुभ विश्वकर्मा तथा कुलदीप सिंह शामिल हैं। इनमें अधिकांश प्रयागराज के कीडगंज, नैनी, मुट्ठीगंज और ओल्ड कैंट क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी मूल रूप से चित्रकूट का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उनके पास से सात अवैध देशी बम बरामद हुए।
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा सीएलए एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कुछ आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।