प्रयागराज में 23 हजार से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन लंबित, शिक्षण संस्थानों को तत्काल अग्रसारित करने का निर्देश

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने दी चेतावनी; पात्र विद्यार्थियों को लाभ से वंचित करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ होगी कार्रवाई।

प्रयागराज में 23 हजार से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन लंबित, शिक्षण संस्थानों को तत्काल अग्रसारित करने का निर्देश

प्रयागराज, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछड़ी जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय से दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शिक्षण संस्थानों को आवेदन पत्रों के शीघ्र अग्रसारण के निर्देश दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, लेकिन अभी तक सभी आवेदन विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों की ओर से अग्रसारित नहीं किए गए हैं। यह जानकारी मंगलवार को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने दी ।

उन्होंने बताया कि 23 नवंबर तक पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा नौ और 10 के 48,376 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 44,994 आवेदन ही शिक्षण संस्थानों की ओर से अग्रसारित किए गए हैं। इसी प्रकार कक्षा 11 और 12 के 45,888 विद्यार्थियों के आवेदन के सापेक्ष 41,428 आवेदन अग्रसारित हुए हैं। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 11-12 से आगे की कक्षाओं के 1,38,572 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें से 1,16,415 आवेदन ही अग्रसारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से कहा गया है कि वे अपने यहां लंबित आवेदनों की जांच कर उन्हें तत्काल अग्रसारित करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

कोमिल द्विवेदी ने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान की लापरवाही से पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति अथवा शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित होता है तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय स्तर पर आवेदन लंबित रहने से नवंबर माह की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग प्रभावित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की होगी।

उन्होंने सभी संस्थानों से समयबद्ध तरीके से आवेदन अग्रसारित कर विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।