प्रयागराज नगर निगम की सभी 8 कक्ष समितियों पर भाजपा का कब्जा, महापौर गणेश केसरवानी बोले- जनहित होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
सात अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, जोन-1 में भाजपा प्रत्याशी गुलाब सिंह पटेल ने एक मत से दर्ज की जीत
प्रयागराज, 04 अगस्त । कक्ष समितियां नगर निगम की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार हैं। ये समितियां स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। यह बात मंगलवार को नगर निगम में कक्ष समितियों का चुनाव संपन्न होने के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाने में कक्ष समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अध्यक्ष आपसी समन्वय, सेवा और विकास की भावना से कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देंगे तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। महापौर ने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" की भावना के साथ नगर निगम प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कक्ष समिति अध्यक्ष इस अभियान को और अधिक मजबूत करेंगे।
नगर निगम प्रयागराज की कक्ष समिति अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सभी आठ जोनों में जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया। सात जोनों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि जोन-1 में हुए एकमात्र मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी गुलाब सिंह पटेल ने एक मत से जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नगर निगम मुख्यालय में महापौर गणेश केसरवानी ने सभी नवनिर्वाचित कक्ष समिति अध्यक्षों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
निर्वाचित कक्ष समिति अध्यक्ष
जोन-1: गुलाब सिंह पटेल (चुनाव जीतकर निर्वाचित),जोन-2: सुनीता चोपड़ा (निर्विरोध),जोन-3: विजय विश्वास रावत (निर्विरोध),जोन-4: श्रीमती अनुपमा पांडेय (निर्विरोध),
जोन-5: राकेश जायसवाल (निर्विरोध),जोन-6 सुनीता सिंह (निर्विरोध),जोन-7:सूबेदार भारतीय (निर्विरोध),जोन-8: राम मिलन (निर्विरोध)
नगर निगम के आठ जोनों में केवल जोन-1 में चुनाव हुआ, जहां भाजपा प्रत्याशी गुलाब सिंह पटेल ने पार्षद सलामत उल्लाह को एक मत के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। शेष सात जोनों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई। परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नगर निगम प्रशासन ने भी चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।