महापौर ने सीवर, नाला, जल निकासी और सड़क मरम्मत कार्यों का किया निरीक्षण

महापौर ने सीवर, नाला, जल निकासी और सड़क मरम्मत कार्यों का किया निरीक्षण

महापौर ने सीवर, नाला, जल निकासी और सड़क मरम्मत कार्यों का किया निरीक्षण

प्रयागराज, 29 अगस्त । नागरिकों को बेहतर जल निकासी, स्वच्छ वातावरण, सुगम आवागमन और सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उक्त बातें शनिवार को बैरहना क्रॉस्थवेट गर्ल्स कॉलेज से बाई का बाग चौराहा पर निरीक्षण करने पहुंचे महापौर गणेश केसरवानी ने कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी और सड़क मरम्मत समेत सभी जरूरी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। कार्यों की लगातार निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने शनिवार को बैरहना क्रॉस्थवेट गर्ल्स कॉलेज से बाई का बाग चौराहा होते हुए दुर्गा पूजा पार्क तक चल रहे सीवर, नाला, जल निकासी और सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए), नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से सीवर और नालों की सफाई तथा जल निकासी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सीवर और नालों की नियमित सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। सड़क मरम्मत के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

जल निकासी के बाद तत्काल हो सफाई और चूना छिड़काव

महापौर ने कहा कि जिन स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई है, वहां तत्काल साफ-सफाई, चूना छिड़काव और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इससे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जा सकता है और नागरिकों को परेशानी से बचाया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और निर्धारित समय सीमा में सभी जरूरी कार्य पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, विवेक अग्रवाल, अमर सिंह, विवेक मिश्रा, आलोक शुक्ला सहित लोक निर्माण विभाग, पीडीए, नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।