मातृ नवमी पर प्रयागराज में गौमाता का पूजन, राजेश केसरवानी बोले- गौसेवा सभी देवी-देवताओं की सेवा के समान
नैनी के गौसेवा धाम में दिव्य अध्यात्म राष्ट्र सेवा मिशन ने किया गौपूजन, पुष्प वर्षा के बाद गायों को फल, गुड़ और हरा चारा खिलाया।
प्रयागराज, 04 अक्टूबर । गौमाता की सेवा सभी देवी-देवताओं की सेवा के समान है और यह मातृ जननी की सेवा के समान ही पुण्यदायी है। यह बातें रविवार को प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में दिव्य अध्यात्म राष्ट्र सेवा मिशन के प्रभारी राजेश केसरवानी और पूर्व पार्षद विजय वैश्य ने मातृ नवमी के अवसर पर कहीं। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में सेवा एवं करुणा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मातृ नवमी पर रविवार को दिव्य अध्यात्म राष्ट्र सेवा मिशन की ओर से अरैल मोड़ स्थित गौसेवा धाम गौशाला, नैनी में गौमाता की सेवा और पूजन किया गया। इस दौरान गौमाता पर पुष्प वर्षा कर विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद उन्हें फल, गुड़ और हरा चारा खिलाया गया। मिशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गौमाता की सेवा कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
राजेश केसरवानी और विजय वैश्य ने कहा कि गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा की भावना समाज में करुणा, संवेदना और सेवा संस्कार को मजबूत करती है। मातृ नवमी जैसे अवसरों पर गौसेवा के माध्यम से समाज को अपनी परंपराओं और सेवा भाव से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में अजय अग्रहरि, सुशील जैन, शत्रुघ्न जायसवाल, अशोक गुप्ता सहित मिशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने गौमाता को हरा चारा खिलाकर उनकी सेवा की।