संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस लाइन का भूमि पूजन, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया बोले- सुरक्षित और निर्विघ्न माघ मेले की तैयारी शुरू

संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस लाइन का भूमि पूजन, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया बोले- सुरक्षित और निर्विघ्न माघ मेले की तैयारी शुरू

संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस लाइन का भूमि पूजन, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया बोले- सुरक्षित और निर्विघ्न माघ मेले की तैयारी शुरू

प्रयागराज, 22 नवंबर । विश्व प्रसिद्ध माघ मेले को निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को संगम क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस लाइन का भूमि पूजन किया। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने बताया कि माघ मेले से पहले पुलिस लाइन का निर्माण शुरू करने की परंपरा वर्ष 1976 से चली आ रही है। पुलिस ध्वज पूजन के साथ इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि मेला क्षेत्र और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा किसी भी श्रद्धालु को असुरक्षा महसूस न हो। भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा, विजय ढुल, डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी अरुण पाराशर सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार भूमि पूजन किया। इसके बाद पुलिस ध्वज का पूजन कर उसे विधिवत फहराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष 1976 में वरिष्ठ अधिकारी त्रिनाथ मिश्रा के कार्यकाल से माघ मेले के पहले पुलिस लाइन के निर्माण की परंपरा शुरू हुई थी। तभी से हर वर्ष मेले की तैयारियों के क्रम में सबसे पहले पुलिस लाइन का भूमि पूजन और निरीक्षण किया जाता है। पुलिस ध्वज विभाग का प्रतीक है। पुलिसकर्मी इसी ध्वज के सान्निध्य में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद से माघ मेले की सभी व्यवस्थाएं बिना किसी बाधा के पूरी हों और आयोजन सकुशल संपन्न हो, यही कामना है।

10 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी

इस बार माघ मेला 54 दिनों तक चलेगा। मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी घाटों की सुरक्षा के साथ भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, प्रमुख स्नान स्थलों की निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रमुख स्नान पर्वों पर रहेगी विशेष सतर्कता

पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर संगम और आसपास के घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए पहले से योजना तैयार की जा रही है। पुलिस प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधा और सेवा पर भी रहेगा।