प्रयागराज: कर्नलगंज में पांच क्विंटल अवैध पटाखे बरामद, कीमत करीब ₹3 लाख

प्रयागराज: कर्नलगंज में पांच क्विंटल अवैध पटाखे बरामद, कीमत करीब ₹3 लाख

प्रयागराज: कर्नलगंज में पांच क्विंटल अवैध पटाखे बरामद, कीमत करीब ₹3 लाख

प्रयागराज, 27 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कर्नलगंज थाने की पुलिस टीम अवैध पटाखों के भण्डारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मास्टर जहरूल हसन रोड स्थित एक मकान से करीब पांच क्विंटल अवैध रूप से भंडारित विस्फोटक पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। मामले में 211 पैकेट पटाखे जब्त करते हुए विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पटाखों के कथित स्वामी कमाल अहमद की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कर्नलगंज थाना क्षेत्र की 14 नंबर गली, मास्टर जहरूल हसन रोड स्थित मकान नंबर 1/सी में छापा मारा गया। तलाशी के दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित पटाखे मिले। बरामदगी के बाद कर्नलगंज थाने में मुकदमा संख्या 399/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।

कमाल अहमद की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखों के स्वामी के रूप में कमाल अहमद पुत्र स्वर्गीय इकबाल अहमद का नाम सामने आया है। उसकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई गई है। उसका पुराना पता 358, पुराना कटरा, कर्नलगंज है, जबकि वर्तमान पता वही मकान बताया गया है, जहां से पटाखे बरामद हुए। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

सुरक्षा के मद्देनजर अवैध भंडारण पर कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि अवैध रूप से विस्फोटक पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस सूचना मिलने पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नियमों के विरुद्ध पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील है कि कहीं अवैध रूप से पटाखे जमा किए जाने की जानकारी मिले तो पुलिस को सूचित करें।

कार्रवाई करने वाली टीम में कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र, उपनिरीक्षक वरुण कुमार शाही, गुरु प्रसाद प्रजापति और विकास यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।