प्रयागराज में 22 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, 110 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
झूंसी में नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; त्रिवेणीपुरम गेट के सामने घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी, 5,040 रुपये नकद भी बरामद।
प्रयागराज, 17 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाना क्षेत्र में गुरुवार को नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से लगभग 22 लाख रुपये की स्मैक और 5040 रुपये नकद बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के जलईया गांव निवासी विशाल निषाद पुत्र त्रिभुवन निषाद हाल पता नई झूंसी बाजार, थाना झूंसी है।
प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा और झूंसी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को झूंसी क्षेत्र में विशाल निषाद को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 110 ग्राम स्मैक बरामद किया है। बरामद की गई स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस टीम ने उसके पास से स्मैक बिक्री से प्राप्त 5040 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्रिवेणीपुरम गेट के सामने घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।