प्रयागराज : जमुनापार के वर्षों से खराब पड़े नलकूप होंगे रीबोर, किसानों को मिलेगी सिंचाई की बेहतर सुविधा
प्रयागराज : जमुनापार के वर्षों से खराब पड़े नलकूप होंगे रीबोर, किसानों को मिलेगी सिंचाई की बेहतर सुविधा
प्रयागराज, 30 जुलाई। जमुनापार क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सांसद उज्ज्वल रमण सिंह के निर्देशन एवं सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा के प्रयासों से करछना, जसरा और मेजा विकासखंड के वर्षों से खराब पड़े कई सरकारी नलकूपों का रीबोर कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा।
सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने गुरुवार को बताया कि करछना विकासखंड के नलकूप संख्या 88 केसी (बसरिया), 131 केसी (डीहा), 190 केसी (डाड़ो) और 202 केसी (चंदौली) का रीबोर कराया जाएगा।
जसरा विकासखंड में 21 बीजी (बसहरा), 22, 23 व 24 बीजी (छतहरा), 30 बीजी (मैदा), 31 बीजी (जसरा) तथा 185 केसी (कंजासा)को रीबोर किया जाएगा।
इसी प्रकार मेजा विकासखंड के 2 एम (कठौली), 87 एम (कंजौली), 111 एम (कठौली) और 128 एम (अझोला) नलकूप भी रीबोर किए जाएंगे।
विनय कुशवाहा ने बताया कि इन नलकूपों के चालू होने के बाद लगभग 1,000 बीघा कृषि भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती आसान होगी।
उन्होंने कहा कि सांसद उज्ज्वल रमण सिंह जमुनापार क्षेत्र में नए नलकूप स्थापित कराने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहे हैं, ताकि पथरीली और सिंचाई से वंचित भूमि को उपजाऊ बनाया जा सके। इसके साथ ही जिन नलकूपों की नालियां और कुलाबे क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत भी शीघ्र कराई जाएगी। इस पहल से खुश किसानों ने सांसद उज्ज्वल रमण सिंह का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा।