प्रयागराज में अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तीन मुकदमे दर्ज

एयरपोर्ट और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्रों में बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही थीं कॉलोनियां, पीडीए की तहरीर पर हुई कार्रवाई

प्रयागराज में अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तीन मुकदमे दर्ज

प्रयागराज, 21 नवंबर । अवैध प्लॉटिंग कर अनधिकृत कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से दी गई तहरीरों के आधार पर एयरपोर्ट और पूरामुफ्ती थानों में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि संबंधित लोगों ने सक्षम प्राधिकारी से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की थी। कुछ भूखंडों की बिक्री में अनियमितता और एक ही भूखंड को कई लोगों को बेचने की शिकायतें भी सामने आई हैं। यह जानकारी शनिवार को पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने दी।

उन्होंने बताया कि नगर जोन के अंतर्गत अवैध प्लॉटिंग के मामलों में पीडीए की शिकायतों पर कार्रवाई की गई है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने 16 नवंबर को संबंधित स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की थी। इस दौरान मौके पर मौजूद भूखंड खरीदारों ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने अवैध रूप से प्लॉटिंग कर भूखंडों का क्रय-विक्रय किया। कुछ मामलों में एक ही भूखंड कई खरीदारों को बेचने और अन्य भूखंडों पर कब्जा दिलाने में अनियमितता की शिकायतें भी मिलीं।

डीसीपी सागर जैन ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के मौजा गांजा में फाजिल जाफरी और अन्य के खिलाफ पीडीए की तहरीर पर मुकदमा संख्या 200/2026 दर्ज किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 26(1) और 26(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

वहीं, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मौजा मंदरी में इमरान और जीशान पुत्रगण जई तथा इश्तशाम अहमद के खिलाफ मुकदमा संख्या 176/2026 दर्ज किया गया है। इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3) और उत्तर प्रदेश शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 14(1) व 15(1) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

इसी क्षेत्र में तारिक के खिलाफ भी मुकदमा संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3) और उत्तर प्रदेश शहरी नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 14(1) व 15(1) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।